सतना (संवाद) चुनावी बयार में हर कोई बहता ही चला जा रहा है। कहीं भाजपा से नाराज नेता कांग्रेस और अन्य पार्टियों में जा रहे हैं तो कहीं कांग्रेस से नाराज नेता भाजपा का दामन थाम रहे हैं। ऐसे में विंध्य प्रदेश में दल बदल की राजनीति करने के लिए मशहूर नारायण त्रिपाठी कैसे चूक सकते हैं।

मैहर विधानसभा क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक रह चुके विंध्य जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण त्रिपाठी ने गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी के सदस्यता ले ली है। इससे यह तस्वीर भी साफ हो गई है कि सतना लोकसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी नारायण त्रिपाठी होंगे।
गौर तलब है कि नारायण त्रिपाठी ने पहली बार मैहर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी से चुनाव जीत कर विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली और कांग्रेस के विधायक रहे। लेकिन कांग्रेस का साथ उन्हें ज्यादा दिन तक रास नहीं आया और फिर 2018 में नारायण त्रिपाठी ने भाजपा का दामन थाम लिया।
2023 के विधानसभा चुनाव में जब बीजेपी ने नारायण त्रिपाठी को प्रत्याशी नहीं बनाया तो उन्होंने अपनी स्वयं की विंध्य जनता पार्टी की घोषणा कर दी । नारायण त्रिपाठी ने मध्य प्रदेश के कई विधानसभा क्षेत्र में अपने प्रत्याशी भी मैदान में उतरे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली यहां तक की नारायण त्रिपाठी खुद भी अपने गृह क्षेत्र मैहर से चुनाव हार गए।
अब लोकसभा चुनाव में किसी भी बड़े राजनीतिक दल ने नारायण त्रिपाठी को चारा नहीं डाला और नारायण त्रिपाठी खुद अपनी विंध्य जनता पार्टी से चुनाव लड़कर हारना नहीं चाहते। शायद यही वजह है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के मौके पर बहुजन समाज पार्टी का दामन थाम लिया है और हाथी पर सवार हो गए हैं।
अब यह हाथी की सवारी नारायण त्रिपाठी को कहां तक ले जा पाती है और नारायण त्रिपाठी की राजनीति कहां तक चल पाती है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।