उमरिया (संवाद)। जिले के मानपुर जनपद अंतर्गत वार्ड नंबर 6 के जनपद सदस्य के साथ गाली गलौज और मारपीट करने की घटना प्रकाश में आई है। घटना उस दौरान की है जब जनपद सदस्य के द्वारा स्थानीय लोगों के साथ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कोर जोन में शामिल हो जाने से संबंधित मामले पर विचार विमर्श कर उसके निराकरण के लिए बातचीत की जा रही थी।
ग्राम पंचायत भवन चिल्हारी में आम सभा के दौरान जनपद सदस्य वार्ड नं 6 विजय द्विवेदी पर हमला हुआ है। इस हमले के बाद घायल जनपद सदस्य ने सम्बंधित अमरपुर चौकी में इस मामले की लिखित शिकायत की है।जिसके बाद पुलिस ने आरोपी चंद्रभान पिता रामलखन गुप्ता,सागर पिता राजेश गुप्ता एवम दीपांशु पिता राजेश गुप्ता के विरुद्ध धारा 294,323,506,34 आईपीसी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
इस संबंध में जानकारी अनुसार बुधवार की देर शाम करीब 8.30 बजे ग्राम पंचायत भवन चिल्हारी में क़ई गांवों के बाँधबगढ़ टाईगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में शामिल होने को लेकर गांव वालों के साथ आपसी चर्चा और उसके निराकरण संबंधी आमसभा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान ग्रामवासियों की भारी भीड़ के बीच कुछ लोग जनपद सदस्य के पास पहुंचे और भाषण देने के दौरान उनसे माइक छीनकर गालियां देते हुए विवाद करने लगे।इस बीच जनपद सदस्य के द्वारा आरोपियों को समझाइश भी दी गई परन्तु वो सभी साजिश के तहत गांव वालों के बीच जान से मारने की धमकी के साथ मारपीट भी करने लगे। इस बीच गांव वालों की समझाइश पर किसी तरह मामला शांत हुआ और आरोपी धमकी देते हुए मौके से चले गए।
