
नपा चुनाव पाली: भाजपा की निवर्तमान अध्यक्ष सहित कई प्रमुख भाजपाईयों ने की पार्टी से बगावत,निर्दलीय उतरे चुनाव मैदान में
उमरिया/पाली (संवाद)। जिले के पाली नगरपालिका की चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ है। निर्धारत कार्यक्रम के अनुसार आज 15 सितंबर को अभ्यर्थियों के द्वारा नामांकन वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन का समय रखा गया था। जिसमें पार्टी से टिकिट नही मिलने के कारण भाजपा की निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष,पार्षद सहित नगर के प्रमुख भाजपा के लोंगो ने पार्टी की नीति और सिद्धांत को दरकिनार करते हुए बगावत कर दी है और अब वह निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतर चुके है।

दरअसल उमरिया जिले की नगरपालिका पाली के चुनाव के मद्देनजर चुनाव लड़ने के लिए राजनीतिक दलों से दावेदारी कर रहे विभिन्न दावेदारों के द्वारा नामांकन दाखिल किया गया था।जिसके बाद आज 15 सितंबर को पार्टी के द्वारा अपने अधिकृत उम्मीदवारों के फार्म बी जमा कर दिया गया है। वही अन्य दावेदारों के द्वारा अपना नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया में भाजपा के कई प्रमुख नेताओं ने अपना नामांकन वापस नही लिया है और वह अब निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में उतर चुके है। उनका मानना है कि भाजपा संगठन ने उनकी उम्मीदवारी को दरकिनार किया है।उनकी कोई बात को न सुनकर अपने लोंगो को और व्यक्तिगत मनमर्जी के चलते उनकी टिकिट काट दी गई है।इसलिए वे सभी पार्टी से बगावत पर उतर आए है।
प्रदेश में भाजपा पार्टी सत्तासीन होने के कारण कार्यकर्ताओ की भरमार है और जब कार्यकर्ता ज्यादा होंगे तब दावेदार भी बढ़ेंगे और यही कारण रहा है कि नगरपालिका के प्रत्येक वार्डों से भाजपा में दावेदारों की संख्या अत्यधिक रही है। इसके अलावा सभी यह चाह रहे थे कि पार्टी उन्हें ही टिकिट दे जोकि संभव ही नही है।
भाजपा के द्वारा आज सुबह 15 वार्डों के लिए 15 अधिकृत कंडीडेटो की सूची जारी की गई।जिसके बाद यही सूची सिम्बल के फार्म बी भी रिटर्निंग ऑफिसर के पास जमा कर दिया गया। जबकि अधिकृत सूची जारी होने के बाद राजनीतिक दलों के सिद्धांत के अनुसार बाकी के दावेदारों द्वारा भरे नामांकन को वापस लेने की प्रक्रिया होती है और जो भी दावेदार अपना नामांकन वापस नही करते तो वह निर्दलीय के रूप में उम्मीदवार हो जाते है।
इस सबमे खास बात यह कि नगरपालिका पाली की निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष श्रीमती उषा कोल को पार्टी से टिकिट नही मिलने के कारण वे पार्टी से बागी होकर निर्दलीय के रूप में वार्ड नंबर 5 से मैदान में उतर चुकी है। इसके अलावा कई बार से पार्षद रहे और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुदामा विश्वकर्मा ने भी बगावती तेवर दिखाए है वे वार्ड नंबर 8 से निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे है।इसी तरह वार्ड नंबर 3 से पार्षद तेजराम बर्मन सहित कई वार्डों में बीजेपी कार्यकर्ता बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे है। नगरपालिका पाली के 15 वार्डो में भाजपा, कांग्रेस,आम आदमी और बसपा मिलाकर 71 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है। वहीं 15 वार्डों में से लगभग 10 वार्डों में भाजपा के कार्यकर्ता बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में है। हालांकि इसके पीछे के कारण जो भी हो वह पार्टी और उनका अंदरूनी मामला है।लेकिन इस बार के चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में बागी होना चिंताजनक जरूर है।
Leave a comment