नगरपरिषद मानपुर की कार्यप्रणाली से नाराज पार्षद राहुल द्विवेदी बैठे अनशन पर,नपा अध्यक्ष के आश्वाशन के बाद माने

Editor in cheif
3 Min Read
उमरिया/मानपुर (संवाद)। जिले की नवगठित नगर परिषद मानपुर कार्यप्रणाली से नाराज होकर नगर परिषद के पार्षद राहुल द्विवेदी कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए है।हालांकि लगभग 1 घंटे तक बैठने के बाद नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती भारती सोनी और उनके पति के द्वारा पार्षद राहुल द्विवेदी को समझाईस देने और नगर परिषद की कार्यप्रणाली सही करने के आश्वासन के बाद पार्षद राहुल ने अनशन समाप्त कर दिया है।
दरअसल नगर परिषद मानपुर के चुनाव हुए और परिषद का गठन हुए 6 माह बीत रहे हैं। लेकिन नगर परिषद की कार्यप्रणाली ठीक तरीके नहीं चलने और अधिकारी- कर्मचारियों की मनमानी पूर्ण रवैये को देखते हुए वार्ड नंबर 11 के पार्षद राहुल द्विवेदी ने कार्यालय के सामने अनशन पर बैठ गए हैं। पार्षद राहुल द्विवेदी का कहना है कि नगर परिषद कार्यालय में पदस्थ अधिकारी, कर्मचारियों के द्वारा नगर के विभिन्न वार्डों के लोग किसी भी काम के लिए चाहे वह हितग्राही मूलक हो या किसी अन्य जरूरी कार्य के लिए नगर परिषद पहुंचते हैं और आवेदन देकर अपनी समस्याएं का निराकरण चाहते हैं। उसमें कर्मचारियों के द्वारा उनका कोई भी काम नहीं किया जा रहा है। इतना ही नहीं लोगों के द्वारा दिए जा रहे आवेदनों को भी वह गुमा देते हैं तो कहीं रद्दी के ढेर में फेंक देते हैं।
नगर के कई लोगों के द्वारा समग्र आईडी, राशन कार्ड जैसे तमाम अन्य जरूरी कार्यों के लिए दिए जा रहे आवेदनों में कर्मचारियों के द्वारा कार्यवाही नहीं की जाती है। इन्हीं सब बातों को लेकर और नगर परिषद के कर्मचारियों की निरंकुशता को लेकर पार्षद राहुल द्विवेदी नाराज होकर वहीं नगर परिषद कार्यालय के बाहर अनशन पर बैठ गए हैं।
हालांकि मामले की जानकारी के बाद नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती भारती सोनी और उनके पति सतीश सोनी के द्वारा कार्यालय पहुंचकर अनशन पर बैठे राहुल द्विवेदी को समझाइश दी गई और व्यवस्था को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया गया। जिस पर पार्षद राहुल द्विवेदी ने अध्यक्ष की बात पर सहमति जताते हुए अपना अनशन समाप्त कर दिया है।
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *