उमरिया (संवाद)। जिला मुख्यालय स्थित नेशनल हाइवे 43 घंघरी ओव्हर ब्रिज के ऊपर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त होकर ब्रिज के किनारे बनी बाउन्ड्री वाल में चढ़ गई जिसमे स्कार्पियो के छतिग्रस्त होने के साथ चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त,इधर कालोनियों में जलभराव से आफत में लोग
जानकारी के मुताबिक जिले में भारी बारिश का दौर चल रहा है जिससे सड़क मार्ग पर कोहरे जैसे हालात बने हुए है। घटना दोपहर 12 बजे के आसपास की है जिसमे एक तेज रफ्तार स्कार्पियो क्रमांक एमपी 54 सी 1673 एनएच 43 घंघरी ओवर ब्रिज से होकर शहडोल की तरफ़ जा रही थी तभी ओवर ब्रिज के बीचों बीच सड़क में बैठे मवेशियों को बचाने के कारण अचानक ब्रेक मारने से तेज रफ्तार स्कार्पियो पलटकर हवा में उछल गई और ब्रिज के साइड में बनी वाल में टंगकर लटक गई। गनीमत रही कि स्कार्पियो ब्रिज के नीचे नही गिरी नही तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस दुर्घटना में स्कार्पियो के क्षतिग्रस्त होने के साथ चालक ब्रजेन्द्र पाण्डेय निवासी उमरिया को गंभीर चोंटे आई है।जिसे स्थानीय लोंगों की मदद से स्कार्पियो से बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
इधर भारी बारिश से जिले के हालात बिगड़ रहे है।एक ओर जहां जिले के नदी नाले उफान पर है। वहीं जिला मुख्यालय स्थित कालोनियों में पानी भर जाने के कारण लोंगो को बाहर निकलने में भारी परेशानी हो रही है।
उमरिया शहर के विकटगंज और दुबे कालोनी में बारिश का पानी भर जाने के कारण यहां के रहवासी अपने घरों से नही निकल पा रहे है। कालोनी से मेन सड़क को जोड़ने वाला मार्ग पानी से लबालब होकर तालाब बन गया है। इस इलाके में सबसे बड़ी समस्या पानी निकासी की है। ऊपर से लगातार बारिश के कारण बाहर का पानी भी घरों के अंदर घुसने लगा है।कालोनी के सैकड़ों निवासी इस आफत में फंसे हुए है।इसके अलावा जिले के अन्य जगहों से भी जल भराव की जानकारी मिल रही है। कई जगह घरों के भीतर तो कई जगह मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
Leave a comment