तंत्र मंत्र के चक्कर मे हुई हत्या,इस अंधे हत्याकांड का नौरोजाबाद पुलिस ने किया पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Editor in cheif
4 Min Read
उमरिया (संवाद)। जिले के थाना नौरोजाबाद अंतर्गत दिनांक 19 जून 2022 को रमेश कोल निवासी बेला पानी के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि ददरा हार नर्सरी ग्राम बेलापानी के पास सड़े गले अवस्था में एक शव पड़ा हुआ है। जिसकी सूचना पर नौरोजाबाद थाना पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर मर्ग कायम कर शव का पंचनामा की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान शव की पहचान बुल्ली कोल पिता मंगलिया कोल उम्र 62 वर्ष निवासी ग्राम बेलापानी के रूप में की गई जो दिनांक 26 जून से घर से गायब था। जिसकी गुमशुदगी के संबंध में उसकी पत्नी सुधिया बाई के द्वारा थाना नौरोजाबाद में दर्ज कराई गई थी।
मर्ग जांच के दौरान मृतक बुल्ली कोल का पीएम कराया गया पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा मृतक के शरीर पर चोट, सिर पर चोट तथा पसलियों के टूटने से अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौत होना बताया गया। जिसके बाद पुलिस ने मर्ग जांच एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना नौरोजाबाद में धारा 302 का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए उमरिया पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार सिन्हा के द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश एवं शीघ्र गिरफ्तारी हेतु टीम का गठन कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। साथ ही अज्ञात आरोपी के संबंध में जानकारी देने एवं गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों के लिए 10 हजार के इनाम की घोषणा की गई। विवेचना के दौरान विवेचना टीम के द्वारा अज्ञात आरोपीयों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु घटनास्थल ग्राम बेलापानी और आस-पास के गांव में लगातार पूछताछ की जा रही थी, उसी दौरान विश्वसनीय सूत्रों के आधार पर 3 संदेहियों की जानकारी लगी जिसके बाद पुलिस के द्वारा उनसे बारीकी से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों के द्वारा अपना जुर्म स्वीकार कर लिया गया ।

घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक बुल्ली कोल के द्वारा तंत्र मंत्र और झाड़फूंक किया जाता रहा है और इसी तंत्र मंत्र के संदेह के कारण आरोपियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने मृतक बुल्ली कोल को 26 जून की दरमियानी रात 11 बजे उसके घर से बुलाकर नर्सरी ले गए और उसे वहां अत्यधिक शराब पिलाई गई। जिसके बाद आरोपियों के द्वारा मौका पाकर रात करीब 12 से 1 बजे के आसपास बुल्ली कोल का गला दबाकर, सिर पर पत्थर पटककर और सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपियों से उपयुक्त कपड़े जप्त कर हत्या के 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है। 3 आरोपियों में 2 आरोपी नाबालिक है जिन्हें बाल संप्रेक्षण ग्रह रीवा भेजा गया है। इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करने में नौरोजाबाद थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह,उपनिरीक्षक राजभान धुर्वे,सहा उपनिरीक्षक रसिया साकेत,आरक्षक सूर्यप्रकाश शुक्ला, अंजनी तिवारी,मोहित सिंह एवं कनक पाण्डेय का योगदान सराहनीय रहा है।
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *