उमरिया (संवाद)। बीते 2 वर्षों में महामारी कोरोना से जहां मंदिरों में ताला जड़े हुए थे, वहीं इस बार जब सब कुछ ठीक है तब शारदेय नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
जिले के सबसे प्रमुख मंदिर ज्वालामुखी मंदिर में नवरात्रि की बैठकी के दिन से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। यहां पर कलश-जवारे भी स्थापित किए गए हैं और इस बार रामनवमी में बृहद मेला भी लगने वाला है, लेकिन लोगों में जितना उत्साह देखा जा रहा है वहीं मंदिर और मंदिर पहुंचने वाला मार्ग प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है।

श्रद्धालु और स्थानीय निवासी बाबूलाल बताते हैं कि मंदिर के गेट से लेकर मंदिर तक की सीसी सड़क उखड़ चुकी है नुकीली गिट्टियाँ बिखरी हुई है। जिससे आवागमन में असुविधा हो रही है।
वही मंदिर के भक्त राजेंद्र गुप्ता बताते हैं कि कोरोना के बाद अब सब कुछ ठीक है, लेकिन आवागमन के कारण भक्तों को कठिनाई हो रही है। क्योंकि लोग नंगे पांव पैदल चलकर मंदिर पहुंचते हैं। रास्ते में बिखरी गिट्टी और गड्ढे पांव में चुभते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन अपेक्षा की है कि शहर के एकमात्र माता मंदिर ज्वालामुखी में मंदिर गेट से लेकर मंदिर तक डामरीकरण भी करा सकते हैं।
स्थानीय निवासी हरि सिंह ने बताया कि उमरिया शहर का यह प्राचीन मंदिर है, और शहर भर के लोग यहां पहुंचते हैं पूरे शहर के लोगों की आस्था यहां से जुड़ी हुई है। ऐसे में मंदिर का पहुंच मार्ग कठिनाई भरा होना बड़ी विडंबना की बात है।
