उमरिया (संवाद)। गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस द्वारा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिले भर मे जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किये गए। जिनमे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सिंह ने उमरिया ब्लॉक के महिमार ग्राम में अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि देश आज विचित्र परिस्थितियों से जूझ रहा है। एक तरफ बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मप्र सरकार की मनमानी और अदूरदर्शितापूर्ण निर्णयों के चलते व्यापार और उद्योग धंधे चौपट हो चुके हैं। तो दूसरी ओर सरकार चीन से बेजा आयात और निजीकरण की नीति को लागू करती जा रही है, जिससे हालात और भी भयावह हो गए हैं। सरकार अपने कार्पोरेट मित्रों का करोड़ों लाख रुपये कर्ज तो माफ करती जा रही है, परंतु किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य तक नहीं मिल रहा है। गंभीर होती जा रही इस समस्या का कोई हल खोजने की बजाय सरकार देश की बेशकीमती कंपनियां और संस्थान कौड़ियों के दाम बेचती जा रही है।
इसलिए की भारत जोड़ो यात्रा

जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि चीन देश की सीमा के अंदर कई किलोमीटर कब्जा कर चुका है। भृष्टाचार चरम पर है। इसके बावजूद भाजपा की लापरवाही और हरकतों के विरुद्ध आवाज उठाने की इजाजत किसी को नहीं है। विपक्ष को संसद मे बोलने तक नहीं दिया जाता।देश का अधिकांश मीडिया डरा हुआ है। उनमे सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ़ बोलने का साहस नहीं है। जिसकी वजह से कांग्रेस नेता राहुल गांधी जी को कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो पदयात्रा करनी पड़ रही है।
मिल रहा अपार जनसमर्थन
