जिला पंचायत के वार्ड नंबर 5 और 7 में भारी घमासान,अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के कारण बढ़ी दावेदारी

Editor in cheif
5 Min Read
कौशल विश्वकर्मा उमरिया। 9893833342
उमरिया (संवाद)। मध्यप्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के साथ चुनावी प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। जहां पंचायतों की नाम निर्देशन प्रक्रिया शुरू है, वही अभ्यर्थियों के द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया जा रहा है। इसके अलावा जिला पंचायत के सदस्य के संभावित उम्मीदवार अपनी-अपनी दावेदारी और उम्मीदवारी जिला पंचायत के विभिन्न वार्डों में ठोक रहे हैं। जिसमें जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 और 7 में भारी घमासान देखने को मिल रहा है।
चूंकि जिला पंचायत के वार्ड नंबर 5 और 7 अनारक्षित सीट है। इस कारण जिले भर के तमाम दिग्गज नेता इन्हीं वार्डों में ताल ठोकने को तैयार हैं। जिला पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 में जहां भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मिथिलेश मिश्रा की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है, वहीं कांग्रेस के प्रदेश महासचिव व पूर्व विधायक अजय सिंह भी मैदान में हैं। इसके अलावा इसी वार्ड से जिला पंचायत सदस्य और उपाध्यक्ष रही सीमा दिवाकर सिंह का यह क्षेत्र उनका स्थानीय क्षेत्र माना जाता है इस लिहाज से वह एक प्रमुख दावेदार हैं। इसके अलावा इसी वार्ड से पहली बार चंदिया गढ़ी की महारानी श्रीमती बिंदु सिंह भी इसी वार्ड से उम्मीदवारी कर रही हैं। उनके बारे में कहा जाता है कि चंदिया नगर से लगे आसपास के ग्रामीण इलाकों में उनका काफी प्रभाव है जिस कारण उनकी दावेदारी और भी प्रमुख होती दिखाई दे रही है। वहीं भाजपा नेता चंद्रप्रकाश द्विवेदी भी इस बार इसी वार्ड नंबर 5 से जिला पंचायत के सदस्य के रूप में उम्मीदवारी की है।
इसके अलावा जिला पंचायत के वार्ड नंबर 7 की बात करें तो यह वार्ड भी अनारक्षित है और यह वार्ड जिला मुख्यालय से जुड़ा हुआ है। इस वार्ड में पूर्व विधायक अजय सिंह की पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रप्रभा सिंह की दावेदारी ने महत्वपूर्ण बना दिया है। इसके पहले इस वार्ड से जनपद सदस्य युवा नेता मनीष सिंह एवं जनपद सदस्य संपत पांडे की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही थी।
युवा नेता व जनपद सदस्य मनीष सिंह की बात करें तो वह इसके पहले इस क्षेत्र से जनपद सदस्य रहकर काफी लंबे समय से इस क्षेत्र में उनकी पकड़ रही है। वही मनीष सिंह की क्षेत्र के युवाओं में अच्छी पकड़ होने के कारण क्षेत्र के युवाओं की पसंद बन चुके हैं। इसके अलावा जनपद सदस्य रहते हुए उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण कराया है। नाम निर्देशन पत्र भरने कलेक्ट्रेट पहुंचे मनीष सिंह ने बातचीत के दौरान  बताया कि वे पिछले समय से जनपद सदस्य के रूप में लोगों के बीच काम किया है और इस बार जिला पंचायत के सदस्य के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इसके पहले वे क्षेत्र के लोगों से चर्चा करके और उनकी मांग व इच्छा के बाद ही जिला पंचायत के सदस्य का चुनाव लड़ने का फैसला किया है। 
——————————————————————————–
वही जनपद सदस्य एवं जनपद करकेली में उपाध्यक्ष रहे संपत पांडेय भी बड़े जोर शोर से चुनावी मैदान में उतरे हैं।
इसका अलावा जिला पंचायत के वार्ड नम्बर 4 से पिछले समय से लगातार कई बार जिला पंचायत की सदस्य रही श्रीमती सावित्री सिंह की उम्मीदवारी प्रमुख मानी जा रही है। लगातार इस क्षेत्र में उनकी सक्रियता बनी रहती है। चूंकि यह वार्ड उनका स्थानीय वार्ड कहलाता है इस लिहाज से भी उनकी दावेदारी प्रमुख है।
बहरहाल उम्मीदवारों की दावेदारी और नाम निर्देशन पत्र की समीक्षा के उपरांत कितने अभ्यर्थी चुनाव मैदान में बाकी शेष रहते हैं, जिसके बाद भी इन 2 वार्डों  5 और 7 में भारी घमासान होने की उम्मीद है। वहीं मतदान के बाद नतीजे भी बेहद चौंकने वाले आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *