उमरिया (संवाद)। मध्यप्रदेश शासन की जनजातीय कार्य विभाग मंत्री सुश्री मीना सिंह ने मानपुर जनपद के ग्राम कछौंहा में शासन की अभिनव योजना देवारण्य परियोजना का भूमिपूजन किया है। वहीं ग्राम रक्सा में मंत्री दीदी पहुंचकर स्थानीय जनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण कराने की बात कही है।
देवारण्य परियोजना के भूमिपूजन के दौरान उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुखिया सीएम शिवराज सिंह चौहान के द्वारा मध्य प्रदेश में आयुष को बढ़ावा देने और उसे रोजगार से जोड़ने के लिए सरकार ने देवारण्य योजना बनाई है। जिसमें अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ मिले और खासकर प्रदेश के आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को रोजगार दिलाने के लिए यह योजना बनाई गई है।

मंत्री सुश्री मीना सिंह ने कहा कि हमारे जंगलों में पर्याप्त औषधियों है वहीं आदिवासी भाई-बहन इनका महत्व एवं उपयोग समझते हैं, हमें एक ओर हमारे इस औषधियों को बचाना है। जनजातीय वर्ग के इस पारंपरिक ज्ञान को आगे बढ़ाकर लोगों तक इसका फायदा पहुंचाना है। देवारण्य योजना के माध्यम से आयुष औषधियों के उत्पादन के काम में स्व-सहायता समूहों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती अनुजा पटेल,गॉव के सरपंच सचिव सहित आयुष विभाग के अधिकारी कर्मचारी और स्थानीय जन उपस्थित थे।
इसके अलावा मंत्री सुश्री मीना सिंह ने ग्राम रक्सा पहुंचकर स्थानीय जनो से मुलाकात की है।वहीं गॉव के ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर उनकी समस्याओं को सुना है। मंत्री मीना सिंह ने ग्राम रक्सा के ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर त्वरित निराकरण कराने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है। वे वहीं गांव से ही मोबाइल के माध्यम से कई अधिकारियों को गाँव के लोंगो की विभिन्न समस्याओं को नोटिस कराकर जल्द निराकरण कर उन्हें अवगत कराने की कही है।
