करेंट की चपेट में हुई पूर्व पटवारी दौलत सिंह की मौत, आरोपियों ने लाश छिपाने मिट्टी में किया दफन, इलाके में सनसनी
उमरिया (संवाद)। जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम बरबसपुर तहसील के पीछे स्थित नदी के पास मानव का शव मिट्टी में दफन हुआ मिला है। जिसकी जानकारी के बाद मौके पर पुलिस पहुंची ने मिट्टी के अंदर दफन शव को बाहर निकाला गया है। पूरा घटनाक्रम जानने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है।
घटना के संबंध में बताया गया कि मिट्टी में दबे शव को बाहर निकालने के बाद शिनाख्ती कराई गई जिसमें दौलत पिता धनपत सिंह उम्र 55 वर्ष निवासी (कोल्हा-बरबसपुर) के रूप में हुई है। मृतक दौलत सिंह पिछले चार दिनों से लापता रहा है जिसकी गुमशुदगी की शिकायत भी परिजनों ने सम्बंधित कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी।
इस मामले में शव की हालत देखकर प्रथम दृष्ट्या करेंट से मौत होने की जानकारी मिली है। जानकारी के मुताबिक घटना के पास क़ई फिट जली हुई विद्युत तार भी मिली है। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि जंगली जानवर का शिकार करने शिकारी विद्युत प्रवाहित तार बिछाए थे। जिसकी चपेट में मृत दौलत सिंह आ गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई है।
इस मामले में यह बात भी बिल्कुल साफ है कि शिकारियों को इस हादसे की भनक लगते ही लाश को ठिकाने लगाने घटना स्थल से काफी दूर लाकर मिट्टी में दफन कर दिया गया है। गुरुवार की सुबह ग्रामीणों को इसकी भनक लगते ही उनके द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो सका है। इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस तफ्तीश कर रही है।जल्द ही मौत के कारण साफ हो सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि मृत दौलत सिंह पूर्व में पटवारी के पद पर पदस्थ्य रहे है। लेकिन शारीरिक बीमारी की वजह से पटवारी का पद छोड़कर घर मे ही रहते थे। घटना के दिन वह शौच के लिए इधर आये होंगे और हादसे का शिकार हो गए। जब वह क़ई घण्टे वापस न आने पर परिजनों के द्वारा आसपास तलाश की गई परन्तु कही पता नही चला। बाद में परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
Leave a comment