उमरिया,नौरोजाबाद व चंदिया के बाद अब मानपुर कूच करेंगे नेता, 13 जुलाई को होगा मानपुर नगर परिषद में मतदान

उमरिया/मानपुर (संवाद)। नगरीय निकाय चुनाव के तहत पहले चरण 6 जुलाई को उमरिया नगर पालिका, नगर परिषद नौरोजाबाद व नगर परिषद चंदिया का चुनाव संपन्न होने के बाद अब राजनीतिक दलों के लोग और नेता मानपुर की ओर कूच कर रहे हैं। नवगठित परिषद मानपुर में नगर परिषद के गठन के बाद पहली बार चुनाव कराए जा रहे हैं। यहां पर नगरीय निकाय चुनाव के द्वितीय चरण 13 जुलाई को मतदान कराया जाएगा।
बेहद खास माना जा रहा है मानपुर का चुनाव
नवगठित नगर परिषद मानपुर में पहली बार नगर परिषद के रूप में चुनाव होने जा रहा है। इसमें खास बात यह कि यह क्षेत्र मंत्री सुश्री मीना सिंह के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आता है इस लिहाज से यह बहुत ही खास हो जाता है। नगर परिषद मानपुर में जहां 15 वार्डों के लिए भाजपा से नए चेहरों को पार्षद पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं भाजपा की तरफ से मंत्री सुश्री मीना सिंह ने चुनाव प्रचार की कमान संभाली हुई हैं। इसके अलावा भाजपा संगठन की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पांडे अपनी टीम के साथ मानपुर के चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। वहीं कांग्रेस की ओर से मानपुर के स्थानीय नेता ओपी द्विवेदी, शारदा प्रसाद गौतम और राम किशोर चतुर्वेदी चुनावी कमान संभालेंगे। इसके अलावा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा सहित जिले के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक मानपुर नगर परिषद के चुनाव में भाजपा के द्वारा पार्षदों के लिए नए चेहरों का चयन किया गया है, और उन्हीं में से नगर परिषद का अध्यक्ष भी चुना जाएगा। जिसके बाद भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेताओं में खलबली मची हुई है। उनका मानना है कि संगठन ने उन्हें नजरअंदाज किया है। हालांकि इस मामले में किसी भी प्रकार का भितरघात होने की आशंका नहीं है। फिर भी समय रहते डैमेज कंट्रोल कर लेने की आवश्यकता जरूर है।
एक नजर में मानपुर नगर परिषद
नगर परिषद मानपुर में 15 वार्डों का गठन किया गया है, इसके पहले मानपुर ग्राम पंचायत हुआ करता था। काफी बड़ा एरिया और हर मामले में संपन्न होने के कारण मंत्री सुश्री मीना सिंह के सहयोग से प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा मानपुर को नगर परिषद बनाने की घोषणा के साथ नगर परिषद के रूप में गठन कराया था। जिसके बाद अब पहली बार नगर परिषद के रूप में चुनाव होने जा रहे हैं। भौगोलिक दृष्टि से देखे तो मानपुर के साथ आसपास के गांवों को मिलाकर इसके क्षेत्रफल को बढ़ाया गया है, जिसमें 15 वार्ड बनाए गए हैं। इस प्रकार मानपुर नगर परिषद में कुल मतदाताओं की संख्या 14,970 है।
जिसमें वार्ड नंबर 1 सुभाष चंद्र वार्ड जिसके मतदाताओं की संख्या 900 है।
वार्ड नंबर 2 भंडारी गंज वार्ड के मतदाताओं की संख्या 858 है।
वार्ड नंबर 3 महात्मा गांधी वार्ड के मतदाताओं की संख्या 1000 है।
वार्ड नंबर 4 तिलक वार्ड की मतदाताओं की संख्या 890 है।
वार्ड नंबर 5 सिद्धिविनायक वार्ड के मतदाताओं की संख्या 966 है।
वार्ड नंबर 6 देवमाता दुर्गा मंदिर वार्ड के मतदाताओं की संख्या 977 है
वार्ड नंबर 7 केसरी नगर वार्ड की संख्या 1042 है।
वार्ड नंबर 8 आजाद वार्ड की संख्या 1197 है।
वार्ड नंबर 9 इंदिरा कॉलोनी वार्ड के मतदाताओं की संख्या 1097 है।
वार्ड नंबर 10 चरण गंगा वार्ड के मतदाताओं की संख्या 941 है।
वार्ड नंबर 11 सिविल लाइन वार्ड के मतदाताओं की संख्या 900 है।
वार्ड नंबर 12 निषाद वार्ड के मतदाताओं की संख्या 924
वार्ड नंबर 13 चाणक्य वार्ड के मतदाताओं की संख्या 964
वार्ड नंबर 14 चतुर्भुज वार्ड के मतदाताओं की संख्या 1106 है।
वहीं वार्ड नंबर 15 सोनभद्र वार्ड के मतदाताओं की संख्या 1208 है।
Leave a comment