शहडोल, ब्यौहारी (संवाद)। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जिसमें देर रात काम करके अपने घर लौट रहे युवक को अज्ञात हमलावरों ने कट्टे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अवस्था में युवक को उसके परिजनों ने ब्यौहारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे पहले शहडोल मेडिकल कॉलेज और फिर जबलपुर के लिए रेफर कर दिया गया है। मामले की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है और अपराध धारा 307 सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर मामले की जांच में जुटी है।
दरअसल शहडोल जिले के ब्यौहारी निवासी अलीव मार पाठक नामक युवक देर रात अपना काम धंधा करके वापस घर लौट रहा था। तभी मऊ तिराहे के पास बोलेरो फोर व्हीलर वाहन मे चार अज्ञात आरोपी के द्वारा उसका रास्ता रोक लिया गया और जबरन उससे मोबाइल की मांग करने लगे। युवक के द्वारा मोबाइल नहीं देने पर उन चारों बदमाशों में से एक बदमाश ने कट्टे से युवक के ऊपर फायर कर दिया। गोली युवक के गले मे लगकर पार हो गई। युवक किसी कदर खून से लथपथ हालत में वहां से भाग कर अपनी जान बचाई और घटना की जानकारी अपने पिता और भाई को बताई। जिसके बाद उसके परिजनों ने तत्काल उसे ब्यौहारी अस्पताल में भर्ती कराया है। बाद मे परिजनों के द्वारा घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने को दी है। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी जुटाई और धारा 307 सहित अन्य धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया है। वही युवक की हालत गंभीर होने के कारण ब्यौहारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे शहडोल मेडिकल कॉलेज के लिए रिफर किया गया था जहां से उसे हायर सेंटर जबलपुर के लिए रेफर किया गया है।
