जबलपुर (संवाद)। संस्कारधानी जबलपुर में आज शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का दौरा हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल का यह पहला दौरा हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर जहां जबलपुर के भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित है। वही उनके आगमन की तैयारी को लेकर भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मुस्तैदी से जुटे हुए हैं।
दरअसल भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद हेमंत खंडेलवाल पूरे प्रदेश के दौरे पर है। वह एक-एक करके प्रदेश के तमाम इलाके में पहुंचेंगे जहां भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। इस दौरान हेमंत खंडेलवाल पहले संभागीय मुख्यालयों में पहुंचकर संभागीय बैठक में शामिल होंगे। भोपाल, इंदौर और ग्वालियर के बाद अब जबलपुर में आज शनिवार 19 जुलाई को हेमंत खंडेलवाल प्रवास पर रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर जहां इसके पहले मध्य प्रदेश शासन में मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता राकेश सिंह ने तमाम भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उनके स्वागत के लिए रूपरेखा तैयार की है और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्तमान में बारिश का दौर है लेकिन फिर भी हमारा उत्साह और प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कोई कमी नहीं होगी बल्कि पूरे जोश और ताकत के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।
जबलपुर के भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल स्वागत के लिए उन्होंने रूपरेखा तैयार कर ली है। सबसे पहले भाजपा कार्यकर्ता अंध मुक्त बाईपास से प्रदेश अध्यक्ष को रिसीव कर धनवंतरी चौराहा पिसनहारीकी मडिया होते हुए प्रदेश अध्यक्ष का काफिला गुजरेगा। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को रथ में सवार करके काफिला आगे की ओर प्रमुख सड़कों और चौराहों से गुजरेगा जहां हर एक चौराहों में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष का रथ त्रिपुरी चौक, सुपाताल, शारदा चौक, एलआईसी, मदनमहल चौक, नागपाल गार्डन, आदि शंकराचार्य चौक, छोटी लाइन फाटक से शास्त्री ब्रिज, तीन पत्ती होते हुए मानस भवन पहुंचेगी जहां उपस्थित भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया जाएगा इसके बाद घोषित कार्यक्रम अनुसार प्रदेश अध्यक्ष संभागीय बैठक में शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष कि यह संभागीय दौर में संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों के भी जिला अध्यक्ष और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। जिसमें जबलपुर के अलावा कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी शामिल है।