उमरिया। जिले के चंदिया तहसील में एक शख्स के द्वारा तहसील कार्यालय में घुसकर हंगामा मचाते हुए तहसीलदार के साथ वाद विवाद किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि तहसील के कर्मचारियों को बीच बचाव करना पड़ा। तहसीलदार की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक तहसील कार्यालय चंदिया में एक अंजनी द्विवेदी नमक व्यक्ति जो पेशे से वकील बताई जा रहे हैं उनके द्वारा तहसील कार्यालय में घुसकर तहसीलदार के साथ विवाद करते हुए जमकर हंगामा मचाया। बताया गया कि शख्स ने किसी प्रकरण को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार से भिड़ गए। इसके बाद शख्स ने तहसीलदार से जमकर विवाद किया। मामले को बढ़ता देख तहसील के कर्मचारियों ने बीच बचाव करते हुए मामले को शांत कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शख्स के द्वारा इतना भी विवाद किया गया कि कुछ देर के लिए तहसील कार्यालय में अफ़रा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। इस दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हो गई।
इसके बाद तहसीलदार आशीष शर्मा ने पुलिस के पास मामले की शिकायत दर्ज कराई है। तहसीलदार के शिकायत के आधार पर चंदिया पुलिस ने अंजनी द्विवेदी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।