उमरिया। शहडोल से उमरिया आ रही ट्रेन में एक दर्दनाक घटना ने पूरे शिक्षा जगत को स्तब्ध कर दिया।करकेली जनपद शिक्षा केंद्र के पूर्व समन्वयक एवं साक्षर भारत मिशन के जिला समन्वयक रहे संतोष कुमार गौतम जी का अचानक ट्रेन में हार्ट अटैक आया और रेलवे स्टेशन पहुंचते पहुंचते उन्होंने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक संतोष कुमार गौतम सेवा कार्य के सिलसिले में उमरिया कलेक्ट्रेट आ रहे थे।यात्रा के दौरान ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक आने से यह दुखद हादसा हो गया।घटना के बाद तत्काल उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।संतोष कुमार गौतम जी शिक्षा क्षेत्र में अपनी सादगी,कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के लिए जाने जाते थे।उनके आकस्मिक निधन की खबर से पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।सहकर्मियों,शिक्षकों और जान-पहचान के लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताया है।घटना की खबर के बाद जिला अस्पताल में शिक्षा जगत से जुड़े लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।