उमरिया।। शिक्षा ही विकास के व्दार खोलती है। शिक्षित व्यक्ति की चहुंओर प्रशंसा होती है। सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता है मेहनत ही सफलता की कुंजी है इसलिए आवश्यक है कि सभी बच्चे मेहनत करें और निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संघर्ष करें। उक्त आशय के विचार कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने कलेक्टर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियो को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि 16 हजार बच्चों के ओलंपियाड प्रतियोगिता में रजिस्ट्रेशन कराने के बाद विभिन्न स्तरों पर परीक्षा पास करते हुए 32 बच्चे चयनित हुए है, जो बधाई के पात्र है । जो बच्चे चयनित नही हो पाए है, वे निराश नही हो। उन्होने कहा कि सभी बच्चे अपने लक्ष्य का निर्धारण करें , और उसी अनुरूप तैयारी करेंगे तो निश्चित रूप से सफलता मिलेगी ।
उन्होने अभिभावको से अपील करते हुए कहा कि अपने बच्चो को खूब पढाए। अभिभावक अपने बच्चो पर अपनी इच्छा का दबाव नही डालें । प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई प्रतिभा विद्यमान है, बच्चो को जिस क्षेत्र में रूचि है, उसी क्षेत्र में मेहनत करने दें और अपनी सफलता की इबारत लिखने दें । इन बच्चो में कोई खिलाड़ी, कोई डाक्टर,कोई इंजीनियर बन सकता है। आपने सभी बच्चो को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला परियोजना समन्वयक के के डेहरिया ने बताया कि ओलंपियाड प्रतियोगिता में 16242 बच्चो ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। जन शिक्षा केंद्र स्तरीय परीक्षा में 16242 बच्चों में से 14687 बच्चों ने परीक्षा दी जिसमें 2118 विद्यार्थी चयनित किए गए । जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 2118 में से 1987 बच्चे शामिल हुए जिसमें से 32 बच्चो का चयन किया गया । जिन्हें जिला स्तरीय ओलंपियाड प्रतियोगिता कार्यक्रम समारोह में सम्मानित किया गया । सम्मानित होने वाले बच्चो में कक्षा 2 एवं 3 मे हिंदी, गणित, कक्षा 4 एवं 5 मे हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं पर्यावरण , कक्षा 6 एवं 8 में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान , मार्गदर्शी शिक्षक शामिल है ।
इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों के बच्चे,शिक्षक, अभिभावक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुशील मिश्रा ने किया।