उमरिया (संवाद) । जिले में कलेक्ट्रेट के सामने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने धरना दिया। मजदूर संघ ने सरकार से विभिन्न विभागों में पदस्थ सभी संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करने, महिला एवं बाल विकास में मौजूद विसंगति को दूर कर उन्हें भौतिक परीक्षण किए जाने की मांग की है।
भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी ने बताया कि जिले में पदस्थ श्रमिक और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना देकर प्रदर्शन किया गया है, और सरकार से श्रमिक और कर्मचारियों की मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की गई है।
साथ ही कहा गया है कि कोरोना वायरस के समय कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को विशेष भत्ता दिया जाना चाहिए। साथ ही उनका प्रतिमाह न्यूनतम वेतन 10 हजार प्रतिमाह किया जाना चाहिए। धरना प्रदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका महासंघ, मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, भारतीय खदान मजदूर संघ, भारतीय मध्यान भोजन रसोईया संघ, भारतीय सफाई कामगार संघ, दैनिक वेतन भोगी कार्यभारित स्थाई कर्मी कर्मचारी संघ सहित अन्य संगठनों के लोग शामिल हुए।