उमरिया/बांधवगढ़ (संवाद)। बाघों के लिए दुनिया भर में मशहूर बाँधवगढ़ टाईगर रिजर्व में एक जंगली हाथी की शिकार से हुई मौत का मामला थमा भी नही था, कि फिर एक जंगली हाथी की संदिग्ध मौत ने बाँधवगढ़ प्रबंधन को सकते में डाल दिया है और एक बार फिर प्रबंधन सवालों के घेरे में नजर आ रहा है।
घटना के संबंध में जानकारी के मुताबिक बाँधवगढ़ टाईगर रिजर्व के पनपथा कोर जोन के हरदी बीट के कक्ष क्रमांक आरएफ 455 गंगीताल से हरदी मार्ग में एक जंगली हाथी मृत अवस्था मे पाया गया है। जानकारी के बाद वन अमला मौके पर पहुंचा है और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देकर हाथी के शव का पीएम आदि कराकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।इस दौरान एक वाक्या यह भी सामने आया कि मृत हाथी का पीएम के दौरान उसकी माँ हथिनी वहां पहुंच गई,जिसे देखकर वन अमला अपनी सुरक्षा और जानमाल के खतरे को देखते हुए वहां से भाग खड़े हुए। काफी देर इंतजार करने के बाद मृत हाथी की मां जब वहां से हट गई तब जाकर मृत हाथी का पीएम कराकर उसका अंतिम संस्कार किया गया।
