सीधी (संवाद)। मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान के आक्रामक रुख से सीधी जिला सहित पूरे प्रदेश के अधिकारी सकते में है। जहां आज सीएम शिवराज सीधी जिले में आयोजित जन सेवा अभियान के कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे, जहां उन्होंने मंच से ही 3 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद आम जनता ने जमकर तालियां बजाई। सीएम शिवराज के द्वारा लगातार महीने भर से की जा रही आक्रामक कार्यवाही से पूरे प्रदेश में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि सीएम शिवराज एक तरफ लापरवाह और गड़बड़ी करने वालों पर कार्यवाही कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ अच्छा कार्य करने वाले और योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन करने वाले अधिकारियों की पीठ भी थपथपा रहे हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज ने सीधी जिले में ‘मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान’ के तहत आयोजित स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र मतलब जनता का राज, जनता को अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाना पड़े। हमने तय किया जनता दफ्तर नहीं जाएगी, कर्मचारी और अधिकारी हर पंचायत में जाएंगे और जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। सीधी जिले में अलग-अलग योजनाओं में 01 लाख 37 हजार 3 आवेदन आए थे। एक साथ इतने आवेदन प्राप्त होने के बाद लाभ पहुंचाने का काम आजादी के बाद से आज तक नहीं हुए। एक ओर विकास के काम, दूसरी ओर किसानों का कल्याण। हमने एक नहीं अनेक सिंचाई की योजनाएं पूरी कीं। इस बजट में हम अनुदान पर बिजली के ट्रांसफॉर्मर लगाने की योजना पुन: प्रारंभ करने वाले हैं। 25 दिसम्बर से ऐसे गरीबों को प्लॉट बांटने का काम शुरू कर दिया जाएगा, जिनके पास रहने की जगह नहीं है। हर माह रोजगार दिवस कार्यक्रम हो रहे हैं। प्रशासन क्लीन होना चाहिए। गड़बड़ करने वाले अगर हैं तो उनकी व्यवस्था भी करना होगी।
