भोपाल (संवाद)। बीते दिनों रेवांचल ट्रेन में सफर कर रही एक महिला के द्वारा कांग्रेस के 2 विधायकों के ऊपर छेड़खानी और बदसलूकी का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया। वही मामले में सियासत भी तेज हो गई थी। इस बीच कांग्रेस पार्टी के पीसीसी प्रमुख कमलनाथ के द्वारा भी मामले की जांच कराने और कार्यवाही करने की बात कही गई थी। बाद में पार्टी के द्वारा उन दोनों आरोपी विधायकों को क्लीन चिट दी गई थी। लेकिन महिला के आरोप के बाद जीआरपी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था और अब कार्यवाही में भी तेजी लाई गई है। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बहुत जल्द ही उन दोनों कांग्रेस के विधायकों की गिरफ्तारी पुलिस कर सकती है।
