उमरिया/मानपुर (संवाद)।अपने घर से पीठ में किताबों का बैग लिए स्कूल के लिए निकला मासूम छात्र वापस नहीं लौटा। यह कहानी उमरिया जिले के जनपद पंचायत मानपुर के नौगमा में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर की है। जहां 7 वर्षीय मासूम छात्र अपने घर से पढ़ाई करने विद्यालय गया था जहां उसकी विद्यालय परिसर में बने पानी की टंकी में डूबकर दुखद मौत हो गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक नौगामा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में 7 वर्षीय मासूम शिवम पाल कक्षा 1 मे अध्ययनरत रहा है। वह रोजाना की तरह सुबह 10 बजे स्कूल पहुंच गया। जहां पर पढ़ाई के दौरान बाथरूम आने पर छुट्टी लेकर विद्यालय परिसर में बने शौचालय में गया था। लेकिन वह शौचालय से नहीं लौट सका, शौचालय में बनी खुली पानी की टंकी में डूबकर मासूम शिवम की मौत हो गई।
